संविधान दिवस पर करसोग में एसडीएम अलीशा चौहान ने अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ

26 नवम्बर: संविधान दिवस के अवसर पर वीरवार को करसोग में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान एसडीएम करसोग अलीशा चौहान ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन करवाते हुए संविधान के प्रति कर्तव्यनिष्ठा बनाए रखने और उसके आदर्शों के अनुरूप कार्य करने की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर एसडीएम अलीशा चौहान ने कहा कि संविधान दिवस स्वतंत्र भारत के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। इसी दिन 26 नवंबर, 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित मूल्यों और आदर्शों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन करते हुए भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा एवं अवसर की समानता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

इस दौरान सभी ने व्यक्ति की गरिमा, राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने और आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। साथ ही संविधान की मर्यादा बनाए रखने और अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *