शाहपुर आईटीआई में संविधान दिवस पर निबंध और पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित, विद्यार्थियों ने लिया संविधान के आदर्शों को अपनाने का संकल्प

26 नवम्बर: राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) शाहपुर में 26 नवंबर को संविधान दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए निबंध लेखन एवं पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। साथ ही संस्थान के विद्यार्थियों और स्टाफ सदस्यों ने संविधान के प्रति निष्ठा बनाए रखने की शपथ ली।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य इंजीनियर रवि कुमार ने की। इस दौरान ग्रुप इंस्ट्रक्टर नेक राम और कौशल्या देवी सहित इंस्ट्रक्टर अनिल कुमार, आशीष शर्मा एवं शिल्पा शर्मा उपस्थित रहे।

निबंध लेखन प्रतियोगिता में 10 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इसमें कोपा ट्रेड की सिमरन ने प्रथम, मोटर मैकेनिक ट्रेड के संघर्ष ने द्वितीय तथा फैशन टेक्नोलॉजी ट्रेड की तानिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता में कोपा ट्रेड की अक्षरा शर्मा प्रथम, मोटर मैकेनिक ट्रेड के आलम द्वितीय और इसी ट्रेड के जतिन तृतीय स्थान पर रहे। विद्यार्थियों ने पोस्टरों के माध्यम से संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिक अधिकारों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य इंजीनियर रवि कुमार ने कहा कि भारतीय संविधान देश के लोकतंत्र की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से संविधान में निहित आदर्शों और मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले सभी विद्यार्थियों की सराहना की गई और विजेताओं को बधाई दी गई। इस आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक भावना और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना रहा।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *