26 नवम्बर: शिमला जिले के रामपुर में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तस्करी से अर्जित 1.38 करोड़ रुपये की चल संपत्तियों को फ्रीज किया है। यह कार्रवाई 27 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामदगी के एक मामले की विस्तृत जांच के बाद अमल में लाई गई है।
मामले के अनुसार, पुलिस थाना रामपुर की टीम ने सोहन लाल निवासी करसोग, जिला मंडी और उसकी पत्नी गीता श्रेष्ठ के कब्जे से एक वाहन में 27 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच करते हुए नशा तस्करी से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज खंगाले, जिसमें कुल 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, यूपीआई लेन-देन, आयकर रिटर्न (आईटीआर), राजस्व और परिवहन रिकॉर्ड की पड़ताल की। इसमें छह आरोपियों और उनके छह सहयोगियों सहित कुल 12 व्यक्तियों के नाम पर नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों की पहचान की गई। इनमें एक ईकोमेट ट्रक, एक आयशर टिप्पर, कई कारें और दो एप्पल आईफोन शामिल हैं। इन सभी चल संपत्तियों की कुल कीमत 1.38 करोड़ रुपये आंकी गई है, जिन्हें पुलिस ने फ्रीज कर दिया है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने नशा तस्करी से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ इस कार्रवाई के लिए शिमला पुलिस को बधाई दी है।