शिमला में बर्फबारी और विंटर कार्निवाल के लिए प्रशासन ने कसी कमर, शहर पांच सेक्टरों में बंटा; 1077 पर मिलेगी आपातकालीन मदद

26 नवम्बर: सर्दियों में होने वाली बर्फबारी के दौरान स्थानीय लोगों और पर्यटकों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जिला प्रशासन शिमला ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उपायुक्त एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष अनुपम कश्यप ने बुधवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर बर्फबारी से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई, विभागों के बीच बेहतर तालमेल और आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।

उपायुक्त ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने कार्यालयों का सेफ्टी ऑडिट करवाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही जिले के सभी स्कूलों और अन्य शिक्षण संस्थानों का भी सुरक्षा ऑडिट करवाने को कहा। उन्होंने सर्दियों में आग और अलाव जलाने के कारण आगजनी की घटनाओं की आशंका को देखते हुए लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर जोर दिया।

उन्होंने सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्रों में संबंधित विभागों के साथ बैठकें कर आपातकालीन योजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही आर्मी, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ समन्वय बनाए रखने को कहा। बर्फबारी के दौरान लोगों को आवश्यक वस्तुओं की कमी न हो, इसके लिए राशन, गैस सिलेंडर और डीजल का पर्याप्त भंडारण पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने आपदा मित्रों के साथ संपर्क बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर उनकी सेवाएं लेने को कहा।

उपायुक्त ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जिले की विभिन्न पंचायतों को आपदा से निपटने के लिए सुरक्षा किट वितरित की गई हैं। इनमें छोहारा विकास खंड की 30, रोहड़ू की 27, जुब्बल की 25, कुपवी की 15, चौपाल की 48, रामपुर की 37 और ननखड़ी की 17 पंचायतें शामिल हैं। उन्होंने सभी एसडीएम को बर्फबारी से निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों और अन्य सामान की सूची 26 नवंबर तक उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए, ताकि अतिरिक्त आवश्यकताओं का मामला राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के समक्ष उठाया जा सके।

उपायुक्त ने कहा कि शिमला में 25 से 31 दिसंबर 2026 तक विंटर कार्निवाल आयोजित किया जाएगा। इस दौरान प्रतिदिन लगभग 12 हजार वाहनों के शहर पहुंचने की संभावना है। ऐसे में पर्यटकों और स्थानीय लोगों को यातायात सहित अन्य सुविधाओं में परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को पहले से तैयारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस विभाग को कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष सतर्कता बरतने और शहर में स्थापित सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच करने को कहा। जरूरत के अनुसार नए कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए।

उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग और शिमला जल प्रबंधन निगम लिमिटेड के अधिकारियों को बर्फबारी के दौरान पेयजल आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। बिजली विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने और वन क्षेत्रों से गुजरने वाली बिजली लाइनों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि बर्फबारी के कारण बिजली, पानी और सड़क सुविधाएं प्रभावित होने पर उन्हें जल्द से जल्द बहाल किया जाए।

स्वास्थ्य विभाग को सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों में आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखने के निर्देश दिए गए। आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस की आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उनके टायरों पर चेन लगाने को भी कहा गया। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि बर्फबारी के दौरान अस्पतालों तक पहुंचने वाले रास्तों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाएगा, ताकि मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

बर्फबारी से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने शिमला शहर को पांच सेक्टरों में विभाजित किया है। प्रत्येक सेक्टर के लिए एक नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा। सेक्टर-1 में संजौली, छोटा शिमला, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा और बल्देयां को शामिल किया गया है। सेक्टर-2 में ढली-संजौली बाईपास, आईजीएमसी, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस, अनाडेल और हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शामिल हैं।

सेक्टर-3 में टूटीकंडी बाईपास से शोघी, चक्कर, बालूगंज, टूटू, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस और विकास नगर को रखा गया है। सेक्टर-4 में डीसी ऑफिस, विक्ट्री टनल से कार्ट रोड होते हुए छोटा शिमला, ओक ओवर, यूएस क्लब, रिज, होली लॉज, जाखू, रिच माउंट, रामचन्द्र चौक, कमला नेहरू अस्पताल और उच्च न्यायालय शामिल हैं। वहीं, सेक्टर-5 में हिमाचल प्रदेश सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहॉस्ट, मेहली, कसुम्पटी, पंथाघाटी और नवबहार को शामिल किया गया है।

प्रशासन ने बर्फबारी के दौरान संजौली से आईजीएमसी, चम्याणा अस्पताल रोड, आईजीएमसी से कैंसर अस्पताल और केएनएच से कार्ट रोड तक के मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलने की योजना बनाई है। इसके अलावा राजभवन से ओक ओवर, होली लॉज से रिज, रिच माउंट, यूएस क्लब, ओक ओवर और सचिवालय, बालूगंज से पीटरहॉफ होते हुए चौड़ा मैदान और एजी ऑफिस तक के मार्ग भी प्राथमिकता में रहेंगे।

लिफ्ट से हाईकोर्ट होते हुए ओक ओवर और छोटा शिमला, कार्ट रोड से विक्ट्री टनल होते हुए सचिवालय, कार्ट रोड से विक्ट्री टनल और लक्कड़ बाजार होते हुए संजौली, कैनेडी चौक से अनाडेल, छोटा शिमला से कसुम्पटी और पंथाघाटी तथा मेहली से शोघी होते हुए टूटीकंडी तक के मार्गों को भी प्राथमिकता से बहाल किया जाएगा।

उपायुक्त ने बताया कि जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र का संचालन 24 घंटे किया जा रहा है। बर्फबारी या किसी अन्य आपदा की स्थिति में लोग टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर सकते हैं।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गौरवजीत सिंह, विभिन्न उपमंडलों के एसडीएम और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *