मातर में भारी बारिश के बीच स्कूलों में फंसे 52 लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू

19 अगस्त: जिला सिरमौर के नाहन विधानसभा क्षेत्र के मातर में मंगलवार को भारी बारिश के चलते अचानक नालों का जलस्तर बढ़ गया। तेज बहाव के कारण राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मातर और राजकीय प्राथमिक स्कूल मातर के आसपास पानी भर गया, जिससे दोनों स्कूलों में मौजूद विद्यार्थियों और स्टाफ के लिए कुछ समय तक बाहर निकलना मुश्किल हो गया।

दोनों स्कूलों में कुल 43 विद्यार्थी और 9 स्टाफ सदस्य मौजूद थे। स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासन, पुलिस और होमगार्ड की टीमें सक्रिय हो गईं। टीमों ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और नालों के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए रखी।

सुरक्षा को देखते हुए जलस्तर कम होने का इंतजार किया गया। पानी का बहाव कम होने के बाद पुलिस और होमगार्ड की टीमों ने रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों स्कूलों में मौजूद सभी 52 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

एसडीएम नाहन राजीव सांख्यान ने बताया कि सभी विद्यार्थियों और स्टाफ को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

मातर की घटना ने बारिश के दौरान नालों के आसपास स्थित स्कूलों में अतिरिक्त सतर्कता की आवश्यकता को भी उजागर किया है। पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक बढ़ने वाले जलस्तर को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर प्रशासन और संबंधित विभागों की निगरानी बेहद जरूरी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *