19 अगस्त: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में बरठीं-बधाघाट सड़क मार्ग पर मोही के समीप दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हुआ है।
हादसा मंगलवार को हुआ। टक्कर के बाद दोनों बाइक सवार घायल हो गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से सिविल अस्पताल बरठीं पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक कुमार (19), पुत्र मदन लाल, निवासी गांव मनन, डाकघर सुनहानी, तहसील झंडूता को प्राथमिक उपचार के बाद एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान अभिषेक ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही तलाई पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों मोटरसाइकिलों की टक्कर किन परिस्थितियों में हुई।
बिलासपुर के पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और नियमानुसार आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।