ज्वाली की पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मान, कृषि मंत्री ने निष्पक्ष जनसेवा का दिया संदेश

19 अगस्त: कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने शिव शंकर पैलेस, लब भनेई में ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित किया। इस दौरान वार्ड सदस्यों, उपप्रधानों, प्रधानों, बीडीसी सदस्यों और जिला परिषद सदस्यों को शॉल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया।

कृषि मंत्री ने जनप्रतिनिधियों से राजनीति से ऊपर उठकर पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ जनता की सेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता ने विश्वास जताते हुए उन्हें जनसेवा की जिम्मेदारी सौंपी है, इसलिए पंचायत के प्रत्येक व्यक्ति को साथ लेकर विकास कार्यों को गति देना उनकी प्राथमिकता होनी चाहिए।

प्रो. चन्द्र कुमार ने पंचायत प्रतिनिधियों से अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ मजबूती से खड़े होने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा समाज और युवा पीढ़ी के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती है। जनप्रतिनिधियों को प्रशासन और पुलिस के सहयोग से नशे के खिलाफ सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

उन्होंने खंड विकास अधिकारी को विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में उपलब्ध पुराने और शेष धन की विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पहले पंचायतों में उपलब्ध धन का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए और इसके बाद ही नए बजट की मांग की जाए। पंचायत प्रधानों से भी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ अपनी शक्तियों व अधिकारों का सदुपयोग करने का आह्वान किया गया।

कृषि मंत्री ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और मजबूत पंचायत व्यवस्था से गांवों में विकास को नई गति मिल सकती है। उन्होंने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने को कहा।

इस अवसर पर चयनित किसानों को स्प्रे पंप भी वितरित किए गए। कृषि मंत्री ने किसानों से सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की अपील की।

कार्यक्रम में एसडीएम नरेंद्र जरियाल, बीडीओ मनोज शर्मा, नगर पंचायत उपाध्यक्ष ऐवी पठानिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, कांग्रेस प्रवक्ता संसार सिंह संसारी, कांग्रेस नेता मनमोहन सिंह, अश्वनी चौधरी, सुरिंदर छिंदा सहित विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *