27 जून : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन की शनिवार को शिमला में पार्टी के प्रदर्शन के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ गई। यह घटना उस समय हुई जब वह सीटीओ चौक पर मीडिया से बातचीत कर रहे थे। अचानक असहज महसूस होने और चक्कर आने पर वहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें तुरंत संभाला और प्राथमिक सहायता दी।
इसके बाद उन्हें एचआरटीसी की टैक्सी से तत्काल इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) शिमला ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी प्रारंभिक जांच की। एहतियात के तौर पर उनका सीटी स्कैन समेत अन्य आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण किए गए। जांच के बाद उन्हें डी ब्लॉक स्थित कार्डियक केयर यूनिट (सीसीयू) में भर्ती कर निगरानी में रखा गया है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी जरूरी जांच की जा रही हैं।
इस दौरान आईजीएमसी में अव्यवस्था भी देखने को मिली। इमरजेंसी से डी ब्लॉक स्थित सीसीयू ले जाते समय वहां की एकमात्र लिफ्ट खराब होने के कारण स्ट्रेचर को कंधों पर उठाकर भाजपा कार्यकर्ताओं की मदद से हर्ष महाजन को सीसीयू तक पहुंचाया गया।