30 जुलाई: भोरंज विधानसभा क्षेत्र के बस्सी चौक में लगभग 3.65 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आधुनिक व्यावसायिक केंद्र के पहले ब्लॉक एवं पार्किंग का बुधवार को विधायक सुरेश कुमार ने शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के व्यापार को नई गति देने के साथ-साथ स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी।
विधायक ने बताया कि व्यावसायिक केंद्र के पहले ब्लॉक पर करीब 95.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। दो मंजिला इस परिसर में लगभग 115 आधुनिक दुकानें बनाई जाएंगी, जिससे स्थानीय व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत का दर्जा मिलने के बाद भोरंज के समग्र विकास को गति मिली है। क्षेत्र में रिंग रोड, खेल मैदान, रेन शेल्टर, सार्वजनिक शौचालय और प्रमुख मार्गों पर सोलर लाइटें स्थापित की जा रही हैं। साथ ही युवाओं के लिए लाइब्रेरी एवं कोचिंग सुविधाओं का विस्तार भी किया जाएगा।
सुरेश कुमार ने बताया कि भोरंज में बीडीओ कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जबकि न्यायिक परिसर का निर्माण कार्य भी शीघ्र शुरू होगा। बस्सी अस्पताल में 12 चिकित्सकों की नियुक्ति के साथ अल्ट्रासाउंड और अत्याधुनिक एक्स-रे मशीन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा 24.50 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण भी प्रस्तावित है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए ब्यास नदी से 45 करोड़ रुपये की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। वहीं बलोखर से मुंडखर तक के क्षेत्र के लिए गोविंदसागर झील आधारित 93 करोड़ रुपये की पेयजल योजना को भी मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा जाहू में औद्योगिक क्षेत्र और बड़े खेल मैदान का विकास किया जा रहा है तथा सभी छूटी बस्तियों को एंबुलेंस सड़क सुविधा से जोड़ने का कार्य जारी है। क्षेत्र की प्रमुख सड़कों के चौड़ीकरण के लिए भी बजट स्वीकृत किया गया है।
इस अवसर पर कांगड़ा सहकारी प्राथमिक कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक के अध्यक्ष राम चंद्र पठानिया, व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुभाष ठाकुर तथा एसडीएम शशिपाल शर्मा ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।