31 जुलाई: चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे पर गांव मौड़ा के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा मौड़ा टोल प्लाजा से करीब आधा किलोमीटर दूर हुआ।
जानकारी के अनुसार हाईवे के बीच एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि हादसे के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। एनएचएआई की 1033 एंबुलेंस की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब भेजा गया।
पुलिस अब मृतक की पहचान करने के साथ ही हादसे में शामिल वाहन का पता लगाने के प्रयास कर रही है। मामले की जांच जारी है।