30 जुलाई: जल शक्ति विभाग के जूनियर इंजीनियर लाभ सिंह गुलेरिया की हत्या के मामले में कुल्लू पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने इस मामले में महिला डॉक्टर सहित एक ही परिवार के चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में महिला डॉक्टर, उनके डॉक्टर पति, ससुर और देवर शामिल हैं।
पुलिस जांच के अनुसार, हत्या के पीछे कथित अवैध संबंधों को लेकर पैदा हुआ संदेह मुख्य वजह माना जा रहा है। आरोपियों को शक था कि लाभ सिंह गुलेरिया और महिला डॉक्टर के बीच संबंध थे, जिसके चलते साजिश रचकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।
जांच में सामने आया है कि 24 जुलाई को महिला डॉक्टर ने पाइपलाइन की जांच के बहाने लाभ सिंह को कुल्लू के गांधीनगर स्थित अपने घर बुलाया। आरोप है कि घर पहुंचने पर डॉक्टर के पति, ससुर और देवर ने उनके साथ मारपीट की। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें उनके कार्यालय के पास सड़क किनारे छोड़ दिया गया।
मामले की जांच के लिए एएसपी संजीव चौहान के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने लगातार चार दिनों तक तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य सबूतों के आधार पर जांच की। इस दौरान घर में काम करने वाली नौकरानी के बयान पुलिस के लिए अहम साबित हुए। नौकरानी के बयान अदालत में भी दर्ज कराए गए, जिसके बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने में सफल रही।
गौरतलब है कि 24 जुलाई की रात परिजनों को पहले लाभ सिंह की स्कूटी उनके कार्यालय के पास मिली थी। कुछ देर बाद वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क किनारे पाए गए। उन्हें तुरंत कुल्लू अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया। उपचार के दौरान दो दिन बाद उनकी मौत हो गई।
फिलहाल पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। मामले में पुलिस जल्द ही विस्तृत खुलासा कर सकती है।