बड़ा भंगाल में गंभीर रूप से बीमार व्यक्ति का सफल रेस्क्यू, प्रशासन के समन्वय से समय पर मिली चिकित्सा सहायता

29 सितंबर: बड़ा भंगाल निवासी दुर्गा राम के पेट में तेज दर्द के चलते गंभीर रूप से बीमार होने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनका सफल रेस्क्यू करवाया। एसडीएम बैजनाथ संकल्प गौतम ने बताया कि क्षेत्रीय प्रशासन से सूचना मिलने के बाद उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उपायुक्त कांगड़ा ने उपायुक्त चंबा के साथ समन्वय स्थापित कर मरीज को सुरक्षित निकालने के लिए आवश्यक कदम उठाए।

उन्होंने बताया कि पंकज महंत के नेतृत्व में 13 सदस्यीय माउंटेनियरिंग रेस्क्यू टीम को चंबा से बड़ा भंगाल भेजा गया। दुर्गम पर्वतीय मार्गों, प्रतिकूल मौसम और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच टीम मरीज तक पहुंची और उसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध करवाया। इसके बाद मरीज को पैदल मार्ग से सुरक्षित रूप से घरौंडा तक पहुंचाया गया, जहां से एंबुलेंस के माध्यम से उसे अस्पताल पहुंचाया गया।

एसडीएम ने कहा कि यह रेस्क्यू अभियान प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, विभिन्न जिला प्रशासनों के बीच बेहतर समन्वय और रेस्क्यू टीम की कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण है। समय पर कार्रवाई से मरीज को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाना संभव हो सका।

उन्होंने रेस्क्यू अभियान में शामिल माउंटेनियरिंग टीम के सदस्यों की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में टीम ने साहस, समर्पण और टीम भावना का परिचय दिया। उन्होंने उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा और उपायुक्त चंबा के त्वरित मार्गदर्शन, सहयोग एवं प्रभावी समन्वय के लिए आभार व्यक्त किया।

रेस्क्यू टीम में भुवनेश्वर महंत, कमलेश ठाकुर, अभिषेक शर्मा, बलबीत, दीपक, आकाश, हरीश, कारण, विकास, दिलवर सिंह, राकेश तथा जयराम शामिल रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *