29 सितंबर: गांधी जयंती के अवसर पर 2 अक्तूबर को धर्मशाला में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। प्रभात फेरी सुबह 6 बजे कचहरी अड्डा स्थित हनुमान मंदिर के समीप से शुरू होगी। इसमें प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी, एनएसएस स्वयंसेवी, स्वतंत्रता सेनानी, धार्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी भाग लेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार ने बताया कि भजन मंडलियों की सहभागिता के साथ प्रभात फेरी कचहरी अड्डा से पोस्ट ऑफिस, हॉस्पिटल रोड और नगर निगम कार्यालय होते हुए गांधी वाटिका पहुंचेगी। यहां महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमाओं पर पुष्पमालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
प्रभात फेरी के बाद गांधी वाटिका में सर्वधर्म प्रार्थना और कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। एडीसी ने शहरवासियों से गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित प्रभात फेरी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया।
उन्होंने नगर निगम और संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रभात फेरी के मार्ग तथा गांधी वाटिका में स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में सहायक आयुक्त विवेक चौहान, एसडीएम मोहित रतन, जिला भाषा अधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।