23 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत पुलिस जिला नूरपुर ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत एक आरोपी की नशा तस्करी से अर्जित 48,30,997 रुपये की संपत्ति जब्त की है। जब्त संपत्ति में एक आवासीय मकान और नकदी शामिल है।
हिमाचल प्रदेश पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला जिला कांगड़ा की तहसील इंदौरा के गांव सिरत निवासी एक व्यक्ति से संबंधित है। 30 जुलाई, 2023 को पुलिस थाना डमटाल के अंतर्गत भद्राया में नाकाबंदी के दौरान आरोपी के कब्जे से 10.1 ग्राम चिट्टा और 8,500 रुपये बरामद किए गए थे। इस संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 21 और 25 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इससे पहले भी वर्ष 2022 में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत दो मामले दर्ज किए गए थे। इन मामलों में क्रमशः 8.35 ग्राम और 9.92 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। मादक पदार्थों की तस्करी में लगातार संलिप्तता को देखते हुए पुलिस जिला नूरपुर ने आरोपी को पीआईटी-एनडीपीएस अधिनियम के तहत हिरासत में लेने की सिफारिश की थी।
पुलिस ने आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपी की चल और अचल संपत्तियों की विस्तृत वित्तीय जांच की। जांच के दौरान 48,30,997 रुपये की संपत्ति की पहचान की गई। एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68एफ(1) के तहत 12 जून, 2025 को संपत्ति फ्रीज करने का आदेश जारी किया गया, जिसे सक्षम प्राधिकारी ने 9 जुलाई, 2025 को मंजूरी दी। निर्धारित कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद संपत्तियों को जब्त कर लिया गया।
जब्त संपत्ति में जिला कांगड़ा की तहसील इंदौरा के गांव छन्नी में स्थित 45,90,557 रुपये मूल्य का आवासीय मकान और नशे के अवैध कारोबार से अर्जित 2,40,440 रुपये शामिल हैं। इस तरह जब्त संपत्ति का कुल मूल्य 48,30,997 रुपये है।
पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि यह कार्रवाई मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों को पकड़ने और मादक पदार्थों की बरामदगी के साथ-साथ अवैध कारोबार से अर्जित संपत्तियों पर कार्रवाई करना भी है, ताकि नशा तस्करी के आर्थिक नेटवर्क को कमजोर किया जा सके।
उन्होंने कहा कि नशामुक्त हिमाचल के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पुलिस जिला नूरपुर की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से नशा तस्करी से जुड़ी जानकारी पुलिस के साथ साझा करने की अपील की गई है।