गज्ज खड्ड पुल से नगरोटा सूरियां-ज्वाली की दूरी 25 से घटकर 16 किलोमीटर रह जाएगी, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा : कृषि मंत्री चंद्र कुमार

23 अक्तूबर: कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ गज्ज खड्ड पर 86.34 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित कंपनी तथा विभागीय अधिकारियों को काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।

कृषि मंत्री ने कहा कि पुल का निर्माण निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों के अनुरूप पूरा किया जाए, ताकि इसे जल्द जनता को समर्पित किया जा सके। उन्होंने कहा कि इस पुल के बनने से नगरोटा सूरियां और ज्वाली क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और दोनों क्षेत्रों के बीच संपर्क मजबूत होगा।

उन्होंने कहा कि गज्ज खड्ड पर पुल बनने से नगरोटा सूरियां से ज्वाली की दूरी लगभग 25 किलोमीटर से घटकर 16 किलोमीटर रह जाएगी। इससे लोगों के समय और यात्रा खर्च की बचत होगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

प्रो. चंद्र कुमार ने कहा कि यह पुल नगरोटा सूरियां क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बेहतर सड़क संपर्क से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को गति मिलेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण और दूरदराज के क्षेत्रों में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने तथा लोगों को बेहतर संपर्क सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता मोहिंदर धीमान, एसडीओ नरेंद्र राणा, जेई विजय, पूर्व बीडीसी सदस्य कैलाश भारती व उमेश धीमान, खबल पंचायत के पूर्व उपप्रधान अशोक कुमार, रामपाल धीमान, गोरख चंद, मनोज और हंसराज सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *