24 जून : छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध मंडी शहर में निर्जला एकादशी के अवसर पर जल शक्ति विभाग ने लोगों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करते हुए पेयजल आपूर्ति लाइन की मरम्मत का कार्यक्रम बदल दिया है। पहले यह कार्य 25 और 26 जून को निर्धारित था, लेकिन निर्जला एकादशी को ध्यान में रखते हुए अब इसे 26 और 27 जून को किया जाएगा।
विभाग के इस निर्णय से शहरवासियों को बड़ी राहत मिली है। निर्जला एकादशी हिंदू धर्म के प्रमुख व्रतों में से एक है, जिसमें श्रद्धालु पूरे दिन बिना जल ग्रहण किए उपवास रखते हैं। ऐसे में जलापूर्ति प्रभावित होने की स्थिति में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता था। जनभावनाओं को देखते हुए विभाग ने मरम्मत कार्य की तिथियों में बदलाव किया है।
सहायक अभियंता जल शक्ति संजय कुमार ने बताया कि 26 और 27 जून को जल शक्ति उप-मंडल नंबर-1 मंडी के अंतर्गत आने वाले शहरी क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में पेयजल आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद रहेगी। इस दौरान विभाग पुरानी पाइपलाइन को बदलने और आवश्यक मरम्मत कार्य को अंजाम देगा, जिससे लंबे समय से चली आ रही समस्याओं का स्थायी समाधान किया जा सके।
उन्होंने लोगों से अपील की है कि 25 जून को आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण कर लें और उपलब्ध पानी का उपयोग केवल जरूरी कार्यों के लिए करें। विभाग का प्रयास रहेगा कि मरम्मत कार्य समय पर पूरा कर जल्द से जल्द जलापूर्ति बहाल की जाए।
पेयजल आपूर्ति प्रभावित रहने वाले क्षेत्रों में मेन बाजार, बंगला मोहल्ला, भगवाहन मोहल्ला, उपायुक्त कार्यालय, रवि नगर, सन्यारडी, थनेहड़ा मोहल्ला, टारना रोड, टारना मंदिर, मंगवाईं, बाड़ी, मट्ट, गणपति रोड, सैण, हॉस्पिटल रोड, क्षेत्रीय अस्पताल, मातृ एवं शिशु अस्पताल, पैलेस-1, पैलेस-2, जेल रोड, त्वाम्बड़ा, पंजेठी, तल्याहड़, ब्राधीवीर, चडयारा, रानीबाईं, गैहरा, चंबी जोला, पधिऊं, कैहनवाल रोड तथा आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।
जल शक्ति विभाग के इस फैसले की शहरवासी सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि प्रशासन द्वारा धार्मिक आस्था और जनसुविधा दोनों का ध्यान रखा जाना एक सकारात्मक पहल है।