28 नवम्बर: मंडी जिला में सुरक्षा गार्ड एवं सुपरवाइजर के 160 पदों को भरने के लिए एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर (बणी) ने अधिसूचना जारी की है। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि इन पदों के लिए दसवीं पास अभ्यर्थी साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों की आयु 19 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इसके अलावा न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर और वजन 55 से 95 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। कंपनी की ओर से 8 घंटे की ड्यूटी के लिए 17 हजार से 18 हजार रुपये और 12 घंटे की ड्यूटी के लिए 20 हजार से 24 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त ईपीएफ, ईएसआईसी, बीमा, ग्रेच्युटी और पेंशन की सुविधाएं भी मिलेंगी। चयनित अभ्यर्थियों की तैनाती कांगड़ा, शिमला, सोलन, ऊना, सिरमौर और चंडीगढ़ में की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी की ओर से एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें विभिन्न हॉस्टलों में तैनात किया जाएगा। प्रशिक्षण शुल्क 10,900 रुपये निर्धारित किया गया है, जो कंपनी के नियमानुसार रिफंडेबल होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्रों एवं उनकी छायाप्रतियों, पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और रोजगार पंजीकरण पत्र के साथ निर्धारित तिथियों पर साक्षात्कार में पहुंचने की अपील की है।
साक्षात्कार का आयोजन 2 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय गोहर, 3 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय सुंदरनगर, 4 दिसंबर को जिला रोजगार कार्यालय मंडी, 5 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय पधर, 7 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय करसोग, 8 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय बालीचौकी, 9 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय सरकाघाट और 10 दिसंबर को उप-रोजगार कार्यालय जोगिंद्रनगर में किया जाएगा। सभी साक्षात्कार सुबह 10:30 बजे शुरू होंगे।
उन्होंने स्पष्ट किया कि साक्षात्कार में भाग लेने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता नहीं दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है।