नादौन के कोटला कल्लर स्कूल में वार्षिक समारोह की धूम, तहसीलदार निधि सकलानी ने विद्यार्थियों को किया सम्मानित

28 नवम्बर, नरेश मलोटिया : राजकीय उच्च विद्यालय कोटला कल्लर का वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह शुक्रवार को धूमधाम से आयोजित किया गया। समारोह में तहसीलदार नादौन निधि सकलानी ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् के साथ हुआ।

इस अवसर पर राजकीय उच्च एवं प्राथमिक विद्यालय कोटला कल्लर तथा राजकीय माध्यमिक विद्यालय चिल्लियां के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया। प्राथमिक विद्यालय के नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को प्रभावित किया, वहीं उच्च विद्यालय के विद्यार्थियों ने हिमाचली और भारतीय संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छात्राओं ने पारंपरिक झमाकड़ा नृत्य प्रस्तुत कर हिमाचली संस्कृति की झलक दिखाई। इसके अलावा पहाड़ी, पंजाबी और राजस्थानी गीतों पर भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। विद्यार्थियों ने सोशल मीडिया और नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित दो नाटकों के माध्यम से समाज को जागरूक रहने का संदेश दिया।

मुख्यातिथि निधि सकलानी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और उनकी ऊर्जा की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों का श्रेय शिक्षकों और अभिभावकों को देते हुए कहा कि वर्तमान समय में विशेषकर युवाओं के लिए सोशल मीडिया का संयमित और सीमित प्रयोग करना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का अनावश्यक प्रयोग हमारे जीवन के वास्तविक आनंद और आपसी संबंधों को प्रभावित कर रहा है। अभिभावकों का कर्तव्य है कि वे बच्चों को इसके अनावश्यक प्रयोग से बचाएं, ताकि वे परिवार के महत्व को समझें और अच्छे संस्कार अपनाएं।

उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया ज्ञान प्राप्त करने और नई चीजें सीखने का अच्छा माध्यम है, लेकिन इसका सही और संतुलित प्रयोग आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने तथा जीवन में अच्छे संस्कार, अनुशासन और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया। साथ ही विद्यार्थियों की सुंदर प्रस्तुतियों के लिए विद्यालय के शिक्षकों की भी सराहना की।

विद्यालय के मुख्याध्यापक रविन्द्र कमल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर विद्यालय की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए समारोह में पहुंचने पर मुख्यातिथि का आभार व्यक्त किया।

समारोह के अंत में शैक्षणिक, सांस्कृतिक, खेलकूद एवं अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा समाज के विभिन्न क्षेत्रों में योगदान देने वाले वरिष्ठ सहयोगियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की सेवानिवृत्त हिंदी शिक्षिका संतोष कुमारी और शारीरिक शिक्षक देशराज शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समारोह में ग्राम पंचायत कोटला चिल्लियां की प्रधान नीलम शर्मा, ग्राम पंचायत नघूं के प्रधान एवं उपप्रधान, कोटला के लक्ष्मीदास, दौलतराम शर्मा, सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राजेन्द्र कुमार शर्मा, कमला देवी, नीलम कौशल, वीना शर्मा, अशोक कुमार, कुलदीप सिंह, डरोहल की तृप्ता शर्मा, बेगू देवी, कल्लर के प्यार लाल और सुमन कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

समारोह को सफल बनाने में दोनों विद्यालयों के शिक्षकों और गैर-शिक्षक कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा। इनमें अजेश पाल, पूजा, रविन्द्र कुमार, अंजू शर्मा, सोहन लाल, अश्वनी शर्मा, रेखा देवी, सरोज कुमारी, प्रीति, सरस्वती और शीतल सहित अन्य कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत शिक्षक डॉ. अमित शर्मा ने किया। समारोह के अंत में उन्होंने मुख्यातिथि निधि सकलानी सहित सभी अतिथियों, अभिभावकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *