24 जून, अभिषेक मिश्रा : जुखाला डिग्री कॉलेज से विज्ञान और वाणिज्य संकायों को बंद किए जाने के निर्णय के विरोध में क्षेत्र में भारी रोष देखने को मिल रहा है। 15 पंचायतों के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण माने जाने वाले इस कॉलेज को बचाने के लिए स्थानीय लोगों ने जुखाला कॉलेज बचाओ मंच का गठन किया है।
मंगलवार को मंच के नेतृत्व में जुखाला कॉलेज चौक के पास करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बंद किए गए संकायों को शीघ्र बहाल नहीं किया गया तो बुधवार को तीन घंटे का चक्का जाम किया जाएगा। इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कॉलेज में विद्यार्थियों की पर्याप्त संख्या है और हर वर्ष यहां के छात्र विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर रहे हैं। उनका दावा है कि कॉलेज के कई विद्यार्थियों ने नेट और सेट जैसी प्रतियोगी परीक्षाएं भी उत्तीर्ण की हैं। ऐसे में विज्ञान और वाणिज्य संकायों को बंद करने का फैसला छात्रों के हित में नहीं है।
जुखाला कॉलेज बचाओ मंच ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस संस्थान को कमजोर करने या बंद करने के किसी भी प्रयास का विरोध किया जाएगा और कॉलेज के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रहेगा।