24 जून : हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) ने वर्ष 2025-26 के लिए विभिन्न कार्यकारी पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। कंपनी माइनिंग, इंजीनियरिंग, फाइनांस, एचआर समेत कई विभागों में कुल 70 रिक्त पदों को भरेगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 25 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में बीई/बीटेक, एमबीबीएस, सीए/आईसीडब्ल्यूए या पोस्ट ग्रेजुएट डिग्री होना आवश्यक है। पद के अनुसार अनुभव और आयु सीमा निर्धारित की गई है। सीनियर मैनेजर (ई4) पद के लिए अधिकतम आयु 47 वर्ष और कम से कम नौ वर्ष का अनुभव जरूरी है। मैनेजर (ई3) पद के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष और छह वर्ष का अनुभव, जबकि डेप्यूटी मैनेजर (ई2) पद के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष और न्यूनतम तीन वर्ष का अनुभव मांगा गया है।
आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी। एससी/एसटी वर्ग को पांच वर्ष, ओबीसी वर्ग को तीन वर्ष तथा पीडब्ल्यूडी उम्मीदवारों को श्रेणी के अनुसार 10 से 15 वर्ष तक की छूट प्रदान की जाएगी।
चयनित अभ्यर्थियों को आकर्षक वेतनमान और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। ई4 ग्रेड के लिए वेतनमान 70 हजार से 2 लाख रुपये, ई3 ग्रेड के लिए 60 हजार से 1.80 लाख रुपये तथा ई2 ग्रेड के लिए 50 हजार से 1.60 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा औद्योगिक महंगाई भत्ता, परक्स और अन्य कल्याणकारी लाभ भी दिए जाएंगे। कंपनी के अनुसार विभिन्न ग्रेड के लिए अनुमानित वार्षिक सीटीसी 17.76 लाख रुपये से 24.64 लाख रुपये तक हो सकती है।