24 जून : शिमला जिले के सुन्नी क्षेत्र में करीब एक महीने से लापता चल रहे 48 वर्षीय व्यक्ति का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार बड़मैन धार के जंगल में एक व्यक्ति के पेड़ से लटके होने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देवदार के पेड़ की टहनी से रस्सी के सहारे लटका एक शव बरामद किया, जो काफी हद तक सड़-गल चुका था। प्रारंभिक जांच में कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर आशंका जताई गई कि शव प्रेम प्रकाश का है, जिसकी गुमशुदगी 21 मई 2026 को थाना सुन्नी में दर्ज करवाई गई थी।
बाद में मृतक के पिता नील चंद, भाई इन्द्र और अन्य परिजनों ने शव की पहचान प्रेम प्रकाश पुत्र नील चंद, निवासी गांव जुब्बड़, डाकघर दुर्गापुर, तहसील सुन्नी, जिला शिमला के रूप में की। पहचान के बाद पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में शव को नीचे उतारा।
पुलिस के अनुसार शव की हालत को देखते हुए मौत करीब एक माह पहले होने का अनुमान है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मामले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।