स्कूली छात्रों से मारपीट की घटनाओं पर बाल कल्याण समिति सख्त, पुलिस से मांगी स्टेट्स रिपोर्ट

25 जून : जिला कांगड़ा के अंतर्गत दो निजी स्कूलों में छात्रों के साथ हुई कथित मारपीट की घटनाओं को लेकर बाल कल्याण समिति जिला कांगड़ा ने कड़ा संज्ञान लिया है। समिति ने दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों से स्टेट्स रिपोर्ट तलब करते हुए उचित कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं।

बाल कल्याण समिति जिला कांगड़ा स्थित धर्मशाला के अध्यक्ष विक्रमजीत शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस जिला नूरपुर के पुलिस थाना नूरपुर के क्षेत्राधिकार में आने वाले सदवां स्थित एक निजी स्कूल में एक छात्र के साथ हुई मारपीट की घटना पर समिति ने संज्ञान लिया है। समिति ने इस मामले में पुलिस से विस्तृत स्टेट्स रिपोर्ट मांगी है और साथ ही नियमानुसार उचित कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में आलमपुर के एक निजी स्कूल में छात्र के साथ कथित मारपीट के बाद हुए दर्दनाक हादसे को लेकर भी बाल कल्याण समिति ने गंभीरता दिखाई है। इस मामले में जिला हमीरपुर के पुलिस थाना सुजानपुर से स्टेट्स रिपोर्ट तलब की गई है। समिति ने पुलिस को मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

विक्रमजीत शर्मा ने बताया कि मृतक छात्र मूल रूप से जिला हमीरपुर के सुजानपुर क्षेत्र का निवासी था और जिला कांगड़ा के आलमपुर स्थित एक निजी स्कूल में अध्ययनरत था।

बाल कल्याण समिति ने स्पष्ट किया है कि बच्चों की सुरक्षा और उनके अधिकारों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समिति ने कहा कि स्कूलों में बच्चों के साथ सुरक्षित और संवेदनशील वातावरण सुनिश्चित करना सभी संस्थानों की जिम्मेदारी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *