19 अक्तूबर: शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने रविवार को करेरी में 50 लाख रुपये की लागत से ट्रैक और करेरी झील के विकास कार्य का शिलान्यास किया। इस परियोजना का उद्देश्य क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देना, पर्यटन अधोसंरचना का विस्तार करना और पर्यावरण संरक्षण के साथ क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सरकार के महाधिवक्ता अनूप कुमार रत्न भी उपस्थित रहे।
केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि करेरी क्षेत्र प्राकृतिक सौंदर्य, पहाड़ी संस्कृति और पर्यटन की अपार संभावनाओं से भरपूर है। करेरी ट्रैक और झील कांगड़ा जिला सहित पूरे हिमाचल प्रदेश के प्रमुख पर्यटन आकर्षण बन सकते हैं।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ट्रैक के विकास और अन्य संबंधित कार्यों के लिए लगभग दो करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसी कड़ी में 50 लाख रुपये की लागत से विकास कार्य का शिलान्यास किया गया है।
विधायक ने कहा कि पर्यटन विकास योजनाओं में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। क्षेत्र के युवाओं को पर्यटन गाइड, ट्रैकिंग, पर्वतारोहण और अन्य पर्यटन गतिविधियों से संबंधित प्रशिक्षण देने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे, ताकि उन्हें रोजगार के नए अवसर मिल सकें।
उन्होंने स्थानीय लोगों से करेरी की प्राकृतिक सुंदरता बनाए रखने और पर्यटकों को स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि विकास और प्रकृति के बीच संतुलन स्थापित करके ही करेरी को आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सकता है।
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि करेरी तक पहुंच को सुविधाजनक बनाना पर्यटन विकास के लिए महत्वपूर्ण है। इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और पर्यटन की नई संभावनाओं को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि करेरी और आसपास के गांवों में परिवहन, पर्यटन, सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य आवश्यक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कार्य किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर महाधिवक्ता अनूप कुमार रत्न ने कहा कि उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रहे हैं। उनके प्रयासों से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिल रही है।
कार्यक्रम में करेरी ग्राम पंचायत की प्रधान सुषमा देवी, उपप्रधान करतार चंद, सल्ली ग्राम पंचायत की प्रधान नर्सों देवी, ब्लॉक अध्यक्ष सुरेश पटाकू, उपप्रधान निर्मल, पूर्व प्रधान ओमप्रकाश, श्रेष्ठा देवी, तेजी सुकरण, हरनाम, करेरी लग कमेटी के सदस्य राजीव कुमार, सुरेश, संसार चंद, रवि कुमार, बालक राम, विजय कुमार, अरविंद, शम्मी, अध्यक्ष शशि पाल, महामंत्री अक्षय, महेंद्र, नंदलाल, मनोज कुमार, विजय कुमार, दौलत राम, सुमित शर्मा, डीएफओ अमित शर्मा और बीडीओ योगेंद्र सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।