एचपीयू यूआईटी ने बीटेक की पहली मेरिट सूची जारी, 14 जुलाई तक जमा करें प्रवेश शुल्क

13 जुलाई: हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) के यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (यूआईटी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के बीटेक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी कर दी है। यह सूची संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीईटी-2026) में प्राप्त अंकों और ऑनलाइन काउंसिलिंग के दौरान विद्यार्थियों द्वारा दिए गए विकल्पों के आधार पर तैयार की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को 14 जुलाई तक प्रवेश शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा। निर्धारित समय में फीस जमा करने वाले ही प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरण और री-शफलिंग के पात्र होंगे।

यूआईटी प्रशासन के अनुसार सभी प्रवेश फिलहाल अस्थायी (प्रोविजनल) होंगे। मूल दस्तावेजों के भौतिक सत्यापन के बाद ही प्रवेश को अंतिम स्वीकृति दी जाएगी। यदि जांच के दौरान किसी अभ्यर्थी की ओर से दी गई जानकारी गलत या भ्रामक पाई जाती है, तो उसका प्रवेश रद्द कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं, निर्धारित तिथि तक शुल्क जमा नहीं करने वाले विद्यार्थियों की आवंटित सीट स्वतः निरस्त हो जाएगी और वे री-शफलिंग प्रक्रिया में भी शामिल नहीं हो सकेंगे। विद्यार्थियों को प्रवेश से जुड़ी सभी अपडेट के लिए यूआईटी की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से देखने की सलाह दी गई है।

यूआईटी ने यूपीआई, एनईएफटी, आरटीजीएस, गूगल पे, नेट बैंकिंग, आईएमपीएस और एसबीआई ई-पे के माध्यम से ऑनलाइन फीस जमा करने की सुविधा उपलब्ध कराई है। 14 जुलाई के बाद किसी भी स्थिति में शुल्क स्वीकार नहीं किया जाएगा। संशोधित मेरिट सूची 18 जुलाई को विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

यूआईटी की शुल्क संरचना के अनुसार सामान्य श्रेणी के विद्यार्थियों को 90,939 रुपये जमा करने होंगे। इसमें प्रथम सेमेस्टर शुल्क, वार्षिक शुल्क और 15 हजार रुपये की रिफंडेबल सिक्योरिटी शामिल है, जो पाठ्यक्रम पूरा होने पर वापस कर दी जाएगी। ट्यूशन फीस वेवर (एलआई एवं एमजी) श्रेणी के विद्यार्थियों के लिए कुल शुल्क 35,939 रुपये तथा एचपीयू कर्मचारियों के आश्रितों (हाफ फीस वेवर) के लिए 63,439 रुपये निर्धारित किया गया है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *