अम्ब-ऊना मार्ग पर HRTC बस और बाइक की भिड़ंत, दो युवकों की मौत

21 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में अम्ब-ऊना मार्ग पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। कटौहड़ खुर्द में कृष्णा नर्सरी के समीप हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की बस और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए और अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार हादसा मंगलवार रात करीब 10:45 बजे हुआ। HRTC की बस ऊना से अम्ब की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक मोटरसाइकिल बस से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के तुरंत बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अम्ब पहुंचाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान योगेश कुमार और अमन भाटिया के रूप में हुई है। दोनों स्तोथर गांव के रहने वाले थे। एक ही गांव के दो युवकों की मौत से क्षेत्र में शोक की लहर है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर बस चालक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *