कानपुर में खड़े ट्रक से टकराई स्कॉर्पियो, दो मासूम समेत तीन की मौत, नौ घायल

13 जुलाई: उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में सोमवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा महाराजपुर थाना क्षेत्र में कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।

पुलिस के अनुसार, हरियाणा के सिरसा से बिहार के गया जा रही स्कॉर्पियो सुबह करीब छह बजे सर्विस लेन में खड़े एक ट्रक से पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए और वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय वाहन में 12 लोग सवार थे।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को काटकर घायलों को बाहर निकाला। सभी को पहले कांशीराम अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल लोगों को हैलेट अस्पताल रेफर कर दिया गया।

हादसे में स्कॉर्पियो चालक बजरंग (45) निवासी सिरसा (हरियाणा), बिहार निवासी दिलकुश कुमार (11) और एक अज्ञात बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं नरेश मांझी, सावित्री देवी, स्नेहा, वकील यादव, रिया, अनीशा कुमारी, कविता कुमारी, हिमांशु और केशर भारती घायल हुए हैं। सभी घायलों का हैलेट अस्पताल में उपचार जारी है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रक सर्विस लेन में खड़ा था और उसका चालक वाहन के अंदर सो रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *