21 अक्तूबर, नरेश मलोटिया : कांगू स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित ताइक्वांडो प्रतियोगिता में राजकीय उच्च विद्यालय बूणी के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक अपने नाम किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
विद्यालय के संस्कृत अध्यापक नरेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता में कार्तिक चौधरी ने 21 किलोग्राम भार वर्ग और अर्णव सहोत्रा ने 38 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। वहीं, हर्षित शर्मा ने 40 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक हासिल किया।
विद्यार्थियों की इस सफलता पर विद्यालय के मुख्याध्यापक बशीर मोहम्मद सहित समस्त शिक्षक वर्ग और विद्यालय परिवार ने उन्हें बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों की यह उपलब्धि अन्य बच्चों को भी खेलों में भाग लेने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेगी।