3 जुलाई, शाहपुर डेस्क: शाहपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया के अथक प्रयासों और लगातार की गई पैरवी के चलते राजकीय महाविद्यालय शाहपुर को बड़ी सौगात मिली है। प्रदेश सरकार ने पहले से संचालित 20 सरकारी महाविद्यालयों के अलावा 15 अन्य सरकारी महाविद्यालयों में भी सेल्फ फाइनेंसिंग मोड पर बी.वोक. (बैचलर ऑफ वोकेशन) पाठ्यक्रम शुरू करने की मंजूरी प्रदान की है। उच्च शिक्षा विभाग ने 2 जुलाई 2026 को इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी कर दिए हैं।
इन नव चयनित महाविद्यालयों में राजकीय महाविद्यालय शाहपुर का भी चयन हुआ है। यहां हॉस्पिटैलिटी एंड टूरिज्म तथा रिटेल मैनेजमेंट विषयों में बी.वोक. पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इन कोर्सों का संचालन विद्यार्थियों की मांग और पर्याप्त नामांकन के आधार पर किया जाएगा।
शाहपुर महाविद्यालय में इन रोजगारोन्मुखी एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रमों के शुरू होने से क्षेत्र के छात्र-छात्राओं को अब उच्च गुणवत्ता वाली व्यावसायिक शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
प्रदेश सरकार का उद्देश्य युवाओं को उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर मिल सकें। शाहपुर महाविद्यालय को मिली इस सौगात का क्षेत्र के विद्यार्थियों और अभिभावकों ने स्वागत करते हुए प्रदेश सरकार तथा उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर के विधायक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया है।