3 जुलाई : औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के लोअर भटेड़ गांव में आपसी विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विवाद इतना बढ़ गया कि 28 वर्षीय प्रवासी युवक की सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह शिव मंदिर के समीप उसका खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए बद्दी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात मृतक आशुतोष कुमार गौरव का कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और आरोपियों ने उसके सिर पर किसी भारी वस्तु से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय आशुतोष कुमार गौरव पुत्र अजीत कुमार निवासी गांव बौलिया नौहटा, जिला रोहतास (बिहार) के रूप में हुई है। वह बरोटीवाला स्थित एक औद्योगिक इकाई में कार्यरत था और अपने परिवार के साथ लोअर भटेड़ में किराये के मकान में रह रहा था।
गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों ने शिव मंदिर के पास युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। थाना बरोटीवाला पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल को अपने कब्जे में लिया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक बद्दी विनोद धीमान और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अशोक वर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एफएसएल टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए हैं, जबकि सीसीटीवी फुटेज और साइबर टीम की सहायता से भी मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे आपसी विवाद सामने आया है, हालांकि अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी गंभीरता से जांच जारी है। पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ शुरू कर दी है।