आईटीआई गंगथ में नशा विरोधी जागरूकता रैली, युवाओं को दिया नशामुक्ति का संदेश

25 जून : नशीले पदार्थों के दुरुपयोग और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के सौजन्य से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) गंगथ में नशा विरोधी जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।

रैली में संस्थान के प्रशिक्षुओं, प्रशिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा नशा मुक्त समाज का संदेश दिया। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने नशे के दुष्प्रभावों को लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न नारे लगाए और आमजन से नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील की।

इस अवसर पर कार्यवाहक तहसील कल्याण अधिकारी इंदौरा अनूप सिंह ने कहा कि नशा समाज के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है और इसका सबसे अधिक असर युवा वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग शिक्षा, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए।

उन्होंने सभी लोगों से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह किया।

रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और नशीले पदार्थों से दूर रहने का संकल्प लिया।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *