सारनू-पुहाड़ा फोरलेन पुल से गिरकर व्यक्ति की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

25 जून : शाहपुर क्षेत्र के अंतर्गत सारनू-पुहाड़ा फोरलेन पुल से गिरने के कारण एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना देर रात की बताई जा रही है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान पवन कुमार पुत्र निपू राम निवासी गांव किल्ला, पंचायत रेहलू, तहसील शाहपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार पवन कुमार भरमौर से वापस लौट रहे थे और उन्हें शाहपुर उतरना था। बताया जा रहा है कि रात के समय सही स्थान का पता न चल पाने के कारण वह सारनू-पुहाड़ा फोरलेन पुल के पास उतर गए। इसके बाद वह पैदल शाहपुर की ओर जाने लगे।

इधर, शाहपुर बाजार में उनका बेटा पिता के आने का इंतजार कर रहा था। काफी देर तक संपर्क न होने और मोबाइल फोन बंद आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजबीन के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिला।

गुरुवार सुबह परिजनों को पुल के नीचे पवन कुमार का शव मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। इस दुखद घटना के बाद रेहलू पंचायत सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *