11 मई: धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में सोमवार शाम 7:30 बजे होने वाले पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के मुकाबले पर मौसम का साया मंडरा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने कांगड़ा समेत प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कुछ क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, तूफान और बिजली चमकने की संभावना है।
ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब मौसम पर टिकी हुई हैं। मैच सुचारू रूप से संपन्न हो सके, इसके लिए एचपीसीए और पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी की ओर से पारंपरिक पूजा-अर्चना भी करवाई गई। इंद्रूनाग देवता के मंदिर में विशेष पूजा-पाठ के साथ स्टेडियम परिसर में हवन भी किया गया।
पिछले दो दिनों से धौलाधार की पहाड़ियों पर बादलों का डेरा बना हुआ है, हालांकि अब तक बारिश नहीं हुई है। वहीं हाल के दिनों में बर्फबारी, ओलावृष्टि और बारिश के चलते मई महीने में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है।