23 नवम्बर, कविता शान्ति गौतम : बद्दी पुलिस ने छठ पूजा मेले के दौरान मोबाइल फोन छीनने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी से 14 मोबाइल फोन बरामद हुए थे। इस तरह पुलिस अब तक कुल 21 मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है।
मामले में शिकायतकर्ता प्रिंस ठाकुर निवासी गांव विष्णुपुर, जिला गया (बिहार), वर्तमान निवासी गुल्लरवाला, बद्दी ने मोबाइल फोन छीनने की शिकायत दर्ज करवाई थी। इस पर पुलिस थाना बद्दी में भारतीय न्याय संहिता की धारा 304(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने पहले कार्रवाई करते हुए राज निवासी जनता नगर, भटिंडा (पंजाब) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 14 मोबाइल फोन बरामद किए थे।
मामले की आगामी जांच के दौरान थाना प्रभारी डॉ. शिव प्रकाश कनिहाल की टीम ने दूसरे आरोपी विशाल (20) पुत्र चंद्र प्रकाश निवासी उझानी, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि इसमें संलिप्त अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने लोगों से अपील की है कि मेलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और सार्वजनिक आयोजनों में अपने मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।