कालका में 19 दिसंबर को सजेगा गद्दी विरासत महोत्सव, छह विभूतियां होंगी सम्मानित; हिमाचली स्टार कलाकार बांधेंगे समां

23 नवम्बर, तरसेम जरयाल : कालका में 19 दिसंबर को हिमाचली संस्कृति, गद्दी समुदाय की समृद्ध विरासत और धार्मिक आस्था का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। गद्दी वेलफेयर सोसाइटी, कालका की ओर से दूसरे वार्षिक गद्दी विरासत महोत्सव-2026, सम्मान समारोह एवं शिव नुआले का आयोजन गीता भवन, कालका में किया जाएगा। महोत्सव में भारत सरकार के औषधि निरीक्षक राकेश शर्मा मुख्य अतिथि होंगे। इस दौरान गद्दी समुदाय की छह विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा।

समारोह में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के शारीरिक शिक्षा एवं युवा कार्यक्रम निदेशालय के निदेशक प्रो. (डॉ.) संजय शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मनोज कुमार, प्लेना रेमेडीज बद्दी के मुख्य निदेशक मुनीष राजोरा, राज इलेक्ट्रॉनिक्स के मुख्य निदेशक मनीष कुमार शर्मा और सक्षम ट्रस्ट के चेयरपर्सन संजय कुमार विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

महोत्सव के दौरान गद्दी समुदाय की छह ऐसी विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर हिमाचल प्रदेश और समाज का नाम रोशन किया है। इनमें सुनील राणा भी शामिल हैं। मुख्य अतिथि राकेश शर्मा इन सभी को सम्मान प्रदान करेंगे।

सांस्कृतिक संध्या में हिमाचल के लोकप्रिय कलाकार राज जैरी, नितीश राजपूत, पहाड़ी गायिका रेखा ठाकुर और अजय शर्मा अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इनके अलावा स्थानीय कलाकार भी हिमाचली लोकगीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

कार्यक्रम में भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए पारंपरिक शिव नुआले का आयोजन भी होगा। प्रसिद्ध गायक अजय शर्मा की टीम शिव नुआले का गुणगान करेगी। यह धार्मिक आयोजन पूरी रात चलेगा और सुबह तक श्रद्धालु शिव भक्ति में लीन रहेंगे। इसके साथ ही मेहमानों के लिए चंबा-कांगड़ा की पारंपरिक कांगड़ी धाम की व्यवस्था भी की जाएगी।

गद्दी वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष राकेश शर्मा, महासचिव डॉ. करनैल सिंह और मुख्य सलाहकार गगन सिंह ने बताया कि सोसाइटी का उद्देश्य गद्दी समुदाय की सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि अपनी भाषा, संस्कृति, रीति-रिवाजों और परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाले गद्दी समुदाय के सदस्यों, हिमाचल प्रेमियों, संगीत प्रेमियों और शिव भक्तों से 19 दिसंबर को सपरिवार कालका पहुंचकर महोत्सव में भाग लेने की अपील की।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *