10 मई: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPBOSE) ने 10वीं कक्षा के वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए हैं। रिजल्ट जारी होने के साथ ही प्रदेशभर के हजारों विद्यार्थियों का इंतजार समाप्त हो गया है। इस बार बोर्ड परीक्षा का कुल परिणाम 83.87 प्रतिशत रहा।
बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार 93,694 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 78,150 छात्र सफल घोषित हुए हैं, जबकि 8,433 विद्यार्थियों को कम्पार्टमेंट आई है।
बोर्ड ने परीक्षा परिणाम आधिकारिक वेबसाइट hpbose.org पर अपलोड कर दिए हैं। विद्यार्थी वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक और डाउनलोड कर सकते हैं।
इस बार कांगड़ा जिले के एवीएम सीनियर सेकेंडरी स्कूल पाहड़ा की छात्रा अनमोल ने 699 अंक हासिल कर प्रदेशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं अभिनव मेहता, पूर्णिमा शर्मा और रूहानी धीमान ने 698 अंकों के साथ संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया। तीसरे स्थान पर अश्विका शर्मा और अलीशा ठाकुर रहीं, जिन्होंने 697 अंक प्राप्त किए।
बोर्ड अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने बताया कि जो विद्यार्थी दो विषयों में अनुत्तीर्ण हुए हैं, उन्हें जून माह में पुनः परीक्षा देने का अवसर दिया जाएगा। 






