10 मई: कांगड़ा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 7.89 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक अशोक रतन ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई 8 मई को कांगड़ा थाना क्षेत्र के तहत टिक्का गजरेड़ में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिलने के बाद संदिग्धों की तलाशी ली गई, जिसके दौरान उनके कब्जे से चिट्टा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान परमजीत सिंह निवासी नाचौचक घरोटा, जिला पठानकोट और हसन गुलाम निवासी गांव चामुंडा देवी, जिला अमृतसर (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कांगड़ा थाना में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाए थे और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। जांच जारी है।