डॉ. धनीराम शांडिल ने डुमैहर-आंजी मेले में 8 लाख से बने मंच व भंडारण कक्ष का किया लोकार्पण

23 नवम्बर: सोलन। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि मेले, उत्सव और त्योहार हमारी समृद्ध सभ्यता एवं संस्कृति के परिचायक हैं। ये आयोजन न केवल आपसी भाईचारे को बढ़ावा देते हैं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में मनोरंजन के साथ-साथ स्थानीय लोक संस्कृति को संरक्षित रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

डॉ. शांडिल कंडाघाट उपमंडल की ग्राम पंचायत छावशा के डुमैहर-आंजी गांव में आयोजित दो दिवसीय श्री ब्रिजेश्वर मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने मेला मैदान में 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित मंच और भंडारण कक्ष का लोकार्पण भी किया।

उन्होंने कहा कि स्थानीय मेलों की परंपरा को संजोकर रखना जरूरी है, ताकि युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और रीति-रिवाजों से जुड़ी रहे। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा का उपयोग खेलकूद, सामाजिक कार्यों तथा अन्य रचनात्मक गतिविधियों में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों से शारीरिक और मानसिक विकास के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता जैसे गुणों का विकास होता है।

इस अवसर पर डॉ. शांडिल ने बखेला से नेरी सड़क के निर्माण के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत की विभिन्न मांगों को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा तथा सोलन विधानसभा क्षेत्र की पंचायतों में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं भी सुनीं और संबंधित अधिकारियों को इनके शीघ्र निपटारे के निर्देश दिए।

मेले में स्थानीय बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा कुश्ती प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस समिति के महासचिव रमेश ठाकुर, ग्राम पंचायत छावशा के प्रधान ज्ञानचंद, ग्राम पंचायत वाकना की प्रधान प्रीति, बीडीसी सदस्य अजनेश कुमारी, उपप्रधान कार्तिक ठाकुर, मेला समिति के प्रधान रणजीत सिंह, उपप्रधान राजेंद्र वर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *