23 नवम्बर: ऊना जिले के हरोली विधानसभा क्षेत्र में खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने रविवार को धर्मपुर में आयोजित विशाल छिंज मेले में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने दंगल कमेटी और पंचायत प्रतिनिधियों का आयोजन के लिए आभार जताया तथा ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि हरोली क्षेत्र के लगभग हर गांव में दंगल आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या में लोग भाग लेते हैं। ऐसे आयोजन आपसी भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने के साथ युवाओं को खेलों से जोड़ने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं और बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए उन्हें खेल गतिविधियों के प्रति प्रोत्साहित करना जरूरी है।
उपमुख्यमंत्री ने बताया कि रामपुर पुल के समीप करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है। इससे सेना और पुलिस सहित विभिन्न भर्तियों की तैयारी करने वाले युवाओं को दौड़ का अभ्यास करने के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके अलावा इसी क्षेत्र में लगभग 13 से 14 करोड़ रुपये की लागत से इंडोर स्टेडियम भी बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हरोली की विभिन्न पंचायतों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। इन मैदानों में लाइटों की व्यवस्था भी की जा रही है, ताकि युवा रात के समय भी खेल गतिविधियों में भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि खेल सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के बेहतर अवसर मिलेंगे।
मुकेश अग्निहोत्री ने धर्मपुर में दंगल के आयोजन के लिए भूमि उपलब्ध करवाने पर स्थानीय लंबरदार का विशेष आभार जताया। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों को आयोजन की बधाई देते हुए कहा कि खेलों को बढ़ावा देने में समाज की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने मेले में पहुंचे लोगों के उत्साह की भी सराहना की।