23 नवम्बर: ऊना स्थित उपमंडलीय पशु चिकित्सालय में एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) के तहत तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से लाए गए 10 पालतू और आवारा कुत्तों का बंध्याकरण किया गया। साथ ही पशुपालन विभाग की ओर से कुत्तों को मुफ्त रेबीज के टीके भी लगाए गए।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. वीरेंद्र पटियाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. मनोज शर्मा ने किया। इसमें बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के पशु चिकित्सा अधिकारियों तथा अन्य स्टाफ सदस्यों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान भारतीय पशु कल्याण बोर्ड के दिशा-निर्देशों और पशु कल्याण नियमों की पालना पर विशेष ध्यान दिया गया। पशु चिकित्सकों को सुरक्षित एबीसी सर्जरी की तकनीक, एनेस्थीसिया देने की प्रक्रिया और ऑपरेशन के बाद पशुओं की देखभाल के बारे में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा पायोमेट्रा, पेरिटोनाइटिस और हीमोएब्डोमेन जैसी गंभीर चिकित्सकीय जटिलताओं से बचाव और उनके प्रबंधन की जानकारी भी दी गई। विभाग के अनुसार प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान सभी सर्जरी बिना किसी जटिलता के सफलतापूर्वक संपन्न हुईं। इससे बिलासपुर और हमीरपुर के पशु चिकित्सा अधिकारियों को एबीसी सर्जरी से संबंधित व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ।