3 जून: सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH-32) में मंगलवार को एक जूनियर डॉक्टर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अस्पताल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय डॉ. योगेश के रूप में हुई है, जो जनरल मेडिसिन विभाग में पीजी जूनियर रेजिडेंट (JR) के तौर पर कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी तबीयत अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर क्षेत्र में अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें चिकित्सीय सहायता प्रदान की गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और अस्पताल के कर्मचारियों व चिकित्सकों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस के अनुसार, मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।