हाईवे पर दौड़ती बस में भड़की आग, मिनटों में जलकर राख हुई वोल्वो

3 जून: उत्तराखंड में हरिद्वार-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार तड़के बड़ा हादसा होते-होते टल गया। देहरादून से दिल्ली और जयपुर जा रही एक वोल्वो बस में अचानक आग लग गई, जिससे कुछ ही देर में पूरी बस आग की लपटों में घिरकर जलकर खाक हो गई। राहत की बात यह रही कि चालक की सूझबूझ और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बस में सवार सभी 32 यात्री सुरक्षित बाहर निकाल लिए गए।

जानकारी के अनुसार महालक्ष्मी फिलिप्स की वोल्वो बस सुबह करीब चार बजे देहरादून से दिल्ली और जयपुर के लिए रवाना हुई थी। हरिद्वार-दिल्ली रोड पर क्रिस्टल वर्ल्ड से आगे और शांतारशाह पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर पहले पहुंचते ही बस में तकनीकी खराबी के चलते अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

बस चालक अरुण कुमार और परिचालक रिंकू ने तत्काल स्थिति को भांपते हुए सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। बस में 32 यात्री सवार थे, जिनमें दो विदेशी नागरिक भी शामिल थे। हालांकि सभी यात्रियों की जान बच गई, लेकिन उनका सामान और लगेज आग की भेंट चढ़ गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रुड़की से पहुंचे फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। चालक के अनुसार आग बस के इंजन वाले हिस्से से शुरू हुई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *