10 नवम्बर: मंडी जिले के उपमंडल थुनाग में ‘खेलो हिमाचल–चिट्टा मुक्त अभियान’ के तहत युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को उपमंडल स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपमंडलाधिकारी (ना.) थुनाग संजीत शर्मा ने की।
बैठक में एसडीएम ने अभियान के सफल आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने और अधिक से अधिक युवाओं तक इसकी जानकारी पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य खेल गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखना तथा उनमें खेल भावना, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत क्रिकेट, वॉलीबॉल और कबड्डी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवक एवं युवतियां अलग-अलग टीमें बनाकर भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ियों और टीमों को 15 नवंबर, 2026 तक गेम मैनेजमेंट सिस्टम (GMS) वेब पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना अनिवार्य होगा।
एसडीएम ने बताया कि विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली टीमों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में 31 हजार रुपये से लेकर 2 लाख 10 हजार रुपये तक की नकद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है।
उन्होंने सभी विभागों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, खेल संगठनों और आम जनता से अभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग देने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़कर चिट्टे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जनभागीदारी को मजबूत किया जा सकता है।