4 जुलाई: केंद्रीय भूतपूर्व अर्धसैनिक बल कल्याण संघ मंडी की मासिक बैठक शुक्रवार को पुलिस लाइन मंडी के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सेवानिवृत्त उपमहानिरीक्षक आर.के. शर्मा ने की, जबकि मंडी के पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान सेवानिवृत्त एआईजी के.सी. शर्मा ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
बैठक में सेवानिवृत्त डीआईजी आर.के. शर्मा ने संघ की गतिविधियों के साथ-साथ भूतपूर्व अर्धसैनिक जवानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को विस्तार से रखा। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन पर सकारात्मक विचार करते हुए संबंधित स्तर पर हरसंभव समाधान का प्रयास किया जाएगा।
संघ के प्रधान दीप कुमार शर्मा ने कहा कि संगठन भूतपूर्व अर्धसैनिक जवानों के अधिकारों और उनके कल्याण के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से मोबाइल कैंटीन सुविधा की पुनर्बहाली, हिमाचल प्रदेश में अर्धसैनिक कल्याण बोर्ड के गठन सहित अन्य लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई।
बैठक के अंत में सेवानिवृत्त एआईजी के.सी. शर्मा ने मुख्य अतिथि, संघ के पदाधिकारियों, सदस्यों, जेसीओ, एनसीओ, ओआर तथा वीर नारियों का कार्यक्रम में शामिल होने पर आभार व्यक्त किया।