24 जून : बिहार के मुंगेर जिले के वासुदेवपुर थाना क्षेत्र स्थित श्यामपुर गंगा घाट पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। गंगा नदी में स्नान के दौरान पांच छात्राएं गहरे पानी में डूब गईं। इनमें से एक छात्रा का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि चार अन्य की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, श्यामपुर बगचपरा मोहल्ले की रहने वाली एक छात्रा स्नान करते समय गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी। उसे बचाने के प्रयास में उसकी तीन बहनें और पड़ोस की एक अन्य छात्रा भी नदी में उतर गईं, लेकिन सभी पानी की तेज धारा में फंसकर डूब गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) द्वारा लापता छात्राओं की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।