कांगड़ा में पागल कुत्ते का आतंक, कुछ ही घंटों में 9 लोगों को बनाया शिकार

24 जून : कांगड़ा जिले की रप्पड़ पंचायत के गांव खड़ोल में मंगलवार शाम एक पागल कुत्ते ने आतंक मचा दिया। जानकारी के अनुसार कौशल मार्केट में शाम करीब 8 बजे कुत्ते ने भलाख पंचायत की नीतू नामक महिला पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। कुत्ते ने महिला की टांग पकड़ ली थी, तभी वहां से गुजर रहे रप्पड़ पंचायत के उपप्रधान ठाकुर महेंद्र सिंह ने अपनी बाइक कुत्ते की ओर मोड़ दी, जिससे महिला उसकी पकड़ से छूट सकी। इसके बाद महिला को उपचार के लिए सिविल अस्पताल गंगथ पहुंचाया गया।

घटना के बाद कुत्ते ने गंगथ के पीएम श्री स्कूल की प्रधानाचार्य विनय महाजन सहित कई अन्य लोगों पर भी हमला कर दिया। प्रधानाचार्य को गंभीर चोटें आईं, जिनके चलते उन्हें पांच टांके लगाने पड़े। स्थानीय लोगों के अनुसार कुत्ते ने कुछ ही समय में करीब नौ लोगों को काट लिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

रप्पड़ पंचायत के प्रधान ठाकुर केवल सिंह कलोत्तरा ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित विभाग जल्द से जल्द कुत्ते को पकड़ने और स्थिति पर नियंत्रण पाने के लिए प्रभावी कदम उठाए, ताकि आगे किसी और व्यक्ति को नुकसान न पहुंचे।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *