24 जून : जयदेवी क्षेत्र के गांव गेहरी में अपनी मां की हत्या के आरोप में गिरफ्तार खेमा राम पुत्र फागणू राम को न्यायालय में पेश करने के बाद 25 जून तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लंबे समय से नशे का आदी था और घर में अक्सर मारपीट व हुड़दंग करता था। परिवार का खर्च उसकी मां पार्वती देवी की आय पर ही निर्भर था। पार्वती देवी हिमाचल प्रदेश सचिवालय शिमला में चपरासी के पद पर कार्यरत थीं और लकवाग्रस्त पति, बेटे, बहू तथा उनके बच्चों की देखभाल के साथ परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी भी निभा रही थीं।
पुलिस जांच के अनुसार रविवार देर रात आरोपी नशे की हालत में घर पहुंचा और अपने पिता के साथ मारपीट करने लगा। बीच-बचाव के लिए आई मां पार्वती देवी भी उसके गुस्से का शिकार बन गईं। जान बचाने के लिए वह घर से निकलकर पास के नाले की ओर भागीं, लेकिन आरोपी ने उनका पीछा किया और नाले के समीप पहुंचकर डंडे से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौत हो गई।
एसपी विनोद कुमार ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए नियमानुसार आगे की कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।