23 जून : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मंडी जिले के सराज विधानसभा क्षेत्र की पांच सड़कों के रखरखाव और सुदृढ़ीकरण के लिए 60 लाख रुपये जारी करने की घोषणा की है। सोमवार को ओकओवर में सराज विधानसभा क्षेत्र के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार राज्य के सभी क्षेत्रों के संतुलित और समान विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने नौणा-छलैला-विनीधार सड़क के लिए 10 लाख रुपये, बालीचौकी-खलोआ-शारश सड़क के लिए 20 लाख रुपये, नौणा-भराड़ी सड़क के लिए 10 लाख रुपये, खनेठी-खूहन सड़क के लिए 10 लाख रुपये तथा हणोगी-शलोई-छमार सड़क के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार के प्रयासों से मंडी जिले की चैल-चौक-जंजैहली सड़क को चौड़ा करने के लिए 137.40 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता मंजूर हुई है। सीआरआईएफ के तहत भेजे गए प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने से 83 किलोमीटर लंबी इस सड़क परियोजना का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
सुक्खू ने कहा कि आपदा के दौरान सराज विधानसभा क्षेत्र को काफी नुकसान हुआ था। राज्य सरकार ने प्रभावित परिवारों को अधिकतम राहत प्रदान की है और अपने संसाधनों से राहत राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है। पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त मकानों के लिए सहायता राशि 1.30 लाख रुपये से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दी गई है, जबकि अन्य आर्थिक सहायता को मिलाकर कुल 8 लाख रुपये तक की मदद दी जा रही है।
घरेलू उपयोग की वस्तुओं के नुकसान पर राहत राशि 2,500 रुपये से बढ़ाकर मकान मालिकों के लिए 1 लाख रुपये और किराएदारों के लिए 50 हजार रुपये की गई है। आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त कच्चे और पक्के मकानों के लिए भी 1 लाख रुपये की सहायता निर्धारित की गई है। सरकार ने पॉलीहाउस को नुकसान होने पर 25 हजार रुपये तथा मलबा और गाद हटाने के लिए 50 हजार रुपये की सहायता का प्रावधान भी किया है।
पशुधन के नुकसान पर भी मुआवजा राशि में वृद्धि की गई है। गाय की मृत्यु पर 55 हजार रुपये तथा भेड़-बकरियों के लिए प्रति पशु 9 हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। इसके अलावा गोशालाओं के पुनर्निर्माण के लिए 50 हजार रुपये की अतिरिक्त सहायता का प्रावधान किया गया है।
इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश रेड्डी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की और उन्हें सराज विधानसभा क्षेत्र के दौरे के लिए आमंत्रित किया। जगदीश रेड्डी ने क्षेत्र की सड़कों के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया।