25 नवम्बर: ऊना जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए अधिकारियों को उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) इशांत जसवाल ने बुधवार को जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना सुनिश्चित किया जाए। साथ ही राशन वितरण की लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की संभावना न रहे।
एडीसी ने बताया कि जिले में 326 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से उपभोक्ताओं को राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। जुलाई से अक्तूबर 2026 तक की अवधि में जिले में 61,537 क्विंटल आटा, 38,703 क्विंटल चावल, 8,714 क्विंटल चीनी, 979 क्विंटल नमक, 1,421 क्विंटल चना दाल, 1,830 क्विंटल मल्का दाल और 1,483 क्विंटल उड़द दाल वितरित की गई। इसके अलावा उपभोक्ताओं को 6,16,257 लीटर सरसों का तेल भी उपलब्ध करवाया गया।
बैठक के दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग की निरीक्षण एवं प्रवर्तन गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। एडीसी ने बताया कि जुलाई से अक्तूबर तक विभाग की ओर से जिले में कुल 1,028 निरीक्षण किए गए। विभिन्न विभागीय आदेशों के तहत की गई कार्रवाई के माध्यम से 85,320 रुपये सरकारी कोष में जमा करवाए गए।
इस दौरान हिमाचल प्रदेश व्यापार लेख आदेश, 1981 के तहत 24 निरीक्षण किए गए। पॉलीथीन के इस्तेमाल पर 171 दुकानदारों और व्यापारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 31 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं, द्रवित पेट्रोलियम गैस अधिनियम के तहत 28 निरीक्षण किए गए और दो मामलों में तीन हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।
इसी तरह हिमाचल प्रदेश ब्रिक्स (कंट्रोल) ऑर्डर, 1970 के तहत 10 ईंट भट्ठों का निरीक्षण किया गया और दो मामलों में 20 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। आवश्यक वस्तु वितरण विनियमन के तहत 457 निरीक्षण किए गए, जिनमें पांच मामलों में 22 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा अस्वीकृत बिलों के संबंध में कार्रवाई करते हुए 15 हजार रुपये सरकारी कोष में जमा करवाए गए।
एडीसी इशांत जसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और उपभोक्ता हितैषी बनाया जाए। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण और राशन वितरण की सतत निगरानी जारी रखी जाए।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार, जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले राजीव शर्मा, जिला ऑडिट अधिकारी राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।