23 जून : ओलंपिक दिवस के अवसर पर मंगलवार को शिमला में ओलंपिक रन का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू खिलाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर करेंगे। हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी भाग लेंगे।
हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव राजेश भंडारी ने बताया कि ओलंपिक रन सुबह नौ बजे शुरू होगी। उन्होंने कहा कि ओलंपिक दिवस के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में ओलंपिक दौड़, ओलंपिक वॉक तथा ओलंपिक मान्यता प्राप्त विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रृंखला के तहत शिमला में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
कार्यक्रम में शिमला के विधायक हरीश जनारथा, मेयर सुरेंद्र चौहान, शिवम प्रताप सिंह, अनुराग वर्मा, हितेश आजाद सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। वहीं हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष बलबीर वर्मा, ईश्वर रोहाल, सुरेंद्र शांडिल, विनोद कुमार, सुभाष चौहान और संतोष कुमार भी कार्यक्रम में भाग लेंगे।
हिमाचल प्रदेश ओलंपिक संघ के अध्यक्ष अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रदेशवासियों और खेल जगत से जुड़े सभी लोगों को ओलंपिक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए खेलों को बढ़ावा देने के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।