मंडी और सरकाघाट में ब्लू स्टार कंपनी में 200 पदों पर भर्ती, 27 व 28 नवंबर को होंगे साक्षात्कार

25 नवम्बर:ब्लू स्टार इंडिया लिमिटेड में 200 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की गई है। इन पदों के लिए 27 नवंबर को जिला रोजगार कार्यालय मंडी और 28 नवंबर को उप-रोजगार कार्यालय सरकाघाट में साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान ने बताया कि कंपनी में पीएमआईएस ट्रेनी, अप्रेंटिसशिप और फिक्स्ड टर्म ऑपरेटर के पदों पर फ्रेशर अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए अभ्यर्थियों का इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, रेफ्रिजरेशन एवं एयर कंडीशनिंग, मोटर मैकेनिक, टर्नर, पम्प ऑपरेटर अथवा इलेक्ट्रॉनिक्स ट्रेड में आईटीआई उत्तीर्ण होना आवश्यक है। 18 से 25 वर्ष आयु के युवक एवं युवतियां साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। कंपनी की विनिर्माण इकाई काला अंब, जिला सिरमौर में स्थित है, जहां चयनित अभ्यर्थियों को काम करने का अवसर मिलेगा।

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि पीएमआईएस ट्रेनी और अप्रेंटिसशिप पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को 16 हजार रुपये प्रतिमाह, जबकि फिक्स्ड टर्म ऑपरेटर पदों के लिए 20,800 रुपये प्रतिमाह वेतन दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंपनी की ओर से रियायती दरों पर भोजन, निःशुल्क चाय-नाश्ता, दो यूनिफॉर्म और कार्य की आवश्यकता के अनुसार सुरक्षा उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे।

इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के दौरान अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, आईटीआई के विस्तृत अंक प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, दो पासपोर्ट आकार के फोटो, आधार कार्ड, बैंक पासबुक, पैन कार्ड, रोजगार कार्यालय पंजीकरण पत्र और नवीनतम बायोडाटा साथ लाना होगा।

साक्षात्कार 27 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय मंडी तथा 28 नवंबर को प्रातः 10:30 बजे उप-रोजगार कार्यालय सरकाघाट में होंगे। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय एवं मॉडल करियर सेंटर मंडी के दूरभाष नंबर 01905-235508 या कंपनी के मोबाइल नंबर 96500-74838 पर संपर्क किया जा सकता है।

Social Sharing

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *